Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने कुल 74 शिकायतें एवं मांग पत्र जिलाधिकारी के समक्ष रखे। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष प्रकरणों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया। जनता मिलन कार्यक्रम में पुनर्वास सड़क निर्माण एवं प्रतिकर वितरण पेंशन पेयजल आधार कार्ड सीएससी सेंटर आवास जंगली जानवरों की समस्या आर्थिक सहायता दिव्यांग प्रमाण पत्र और नेटवर्क सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरणों का यथासंभव अपने स्तर पर ही त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें ताकि लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा पेयजल निगम लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों की लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में नरेंद्रनगर तहसील के ग्राम कखील निवासी अशोक कुमार ने ग्रामीणों के आधार कार्ड बनवाने की मांग रखी। वहीं प्रियंका ने अपने पिता का दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी कराने संबंधी आवेदन दिया। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी एवं ईडीएम को आधार कार्ड बनवाने तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं समाज कल्याण अधिकारी को दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पिपोला गांव जाखणीधार से पहुंचे ग्रामीणों ने पेयजल संकट सड़क डामरीकरण और गांव में हो रहे भू-धंसाव की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने पेयजल एवं सड़क डामरीकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भू-धंसाव के मामले में उन्होंने बताया कि आईआईटी रुड़की की टीम द्वारा किए जा रहे सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। धनोल्टी तहसील के मथलाऊ निवासी रंजीता देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की पात्रता सूची में नाम शामिल नहीं होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सुनील थपलियाल ने जौनपुर रेंज के वन कर्मियों की कार्यालय में नियमित उपस्थिति नहीं होने की शिकायत की जिस पर संबंधित डीएफओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पनियाला प्रतापनगर निवासी गंगा देवी ने वन विभाग के माध्यम से बांज बुरांश एवं अन्य पौध उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पौध उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नारायण सिंह ने कस्तल-मंदार मोटर मार्ग के प्रतिकर से संबंधित समस्या रखी। इस पर जिलाधिकारी ने विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी को लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय कर प्रकरण की जांच कराने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। सुमित्रा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने टिहरी लेक डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा नक्शा पास किए जाने के संबंध में जारी अधिसूचना को लेकर अपनी चिंता एवं आपत्तियां रखीं। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित नियम वर्ष 2013 में बनाया गया था। वर्तमान में जिन प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है उनके संबंध में टिहरी लेक डेवलपमेंट अथॉरिटी की आगामी बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया का उद्देश्य स्थानीय लोगों के हितों को प्रभावित करना नहीं बल्कि क्षेत्र में सुनियोजित एवं व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करना है। विकास कार्यों के साथ स्थानीय हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और किसी भी स्थानीय व्यक्ति के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ने दिया जाएगा। संबंधित विषय के सभी पहलुओं का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पूजारगांव प्रतापनगर निवासी वासुदेव सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की सड़क से उनके घर का पुस्ता एवं आंगन क्षतिग्रस्त हो गया है जिससे आवास को खतरा बना हुआ है। सुरक्षा की दृष्टि से वह फिलहाल दूसरे के घर में रह रहे हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी को मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेने तथा आवश्यकता होने पर प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। हुकुम सिंह रावत ने बताया कि मदन नेगी स्थित यूनियन बैंक में उनका खाता है और उनके द्वारा लिया गया ऋण पूरी तरह चुका दिया गया है लेकिन ऋण समाप्ति से संबंधित आवश्यक दस्तावेज अब तक नहीं मिले हैं। दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण उनका सिविल स्कोर प्रभावित होने की बात उन्होंने कही। जिलाधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक को प्रकरण की जांच कर 15 दिन के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनता मिलन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुरानी शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किए जाने से जनता में प्रशासन के प्रति सकारात्मक विश्वास बढ़ा है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी परियोजना निदेशक डीआरडीए ज्योति मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राम प्रकाश जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम एसडीएम कमलेश मेहता विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी नीलू चावला जिला आबकारी अधिकारी केपी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *