Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने तहसील टिहरी का निरीक्षण कर विभिन्न अनुभागों अभिलेखागार एवं एसडीएम न्यायालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी अभिलेखों एवं पत्रावलियों का नियमानुसार रख-रखाव सुनिश्चित करने तथा पंजिकाओं को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नजारत कक्ष का जायजा लिया। कनिष्ठ सहायक भुवनेश्वर प्रसाद ने डाक पंजिका एवं नोटिसों से संबंधित जानकारी जिलाधिकारी को दी। जिलाधिकारी ने नजारत अधिष्ठान से संबंधित पंजिकाओं एवं पत्रावलियों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने संग्रह अधिष्ठान कक्ष में सर्विस बुक आदि का निरीक्षण किया। एसडीएम न्यायालय में पेशकार रमेश जरधारी ने दर्ज एवं निस्तारित वादों तथा कोर्ट डायरी से संबंधित जानकारी जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई। जिलाधिकारी ने न्यायालय में दर्ज एवं निस्तारित किए जाने वाले सभी मामलों की पत्रावलियों का नियमानुसार रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रार कानूनगो के मॉडर्न रिकॉर्ड रूम का भी जायजा लिया और वहां रखे अभिलेखों के बस्तों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही रजिस्ट्रार कानूनगो अनुभाग से संबंधित भू-अभिलेखागार कक्ष का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने तहसीलदार एवं पेशकार को निर्देश दिए कि एसडीएम न्यायालय में दर्ज अथवा निस्तारित होने वाले प्रत्येक प्रकरण की पत्रावली पर संबंधित अधिकारी के हस्ताक्षर एवं कार्यालय की मोहर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालय में कार्यवाही के बाद संबंधित पत्रावलियों को नियमानुसार 24 घंटे के भीतर फाइल एवं रिकॉर्ड किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा सभी पंजिकाओं एवं पत्रावलियों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता तहसीलदार धीरज राणा पर्सनल ऑफिसर चंदन शाह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *