Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के जुनून में युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। ऐसा ही मामला ज्योतिर्मठ बाजार में सामने आया जहां स्कूटी से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। कुछ पलों की वाहवाही के लिए सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है बल्कि गंभीर हादसे को भी न्योता दे सकती है। वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए ज्योतिर्मठ पुलिस ने संबंधित स्कूटी को सीज कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने युवक को सख्त हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि सड़क पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसी हरकत दोहराने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी। पुलिस ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी या किसी दूसरे की जिंदगी को जोखिम में न डालें। रील कुछ सेकंड की होती है लेकिन सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही जिंदगीभर का दर्द दे सकती है। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर अपनी जिम्मेदारी समझें। चमोली पुलिस ने युवाओं से स्टंटबाजी से दूर रहने सुरक्षित वाहन चलाने और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए जोखिम उठाने के बजाय जिंदगी की सुरक्षा को प्राथमिकता दें क्योंकि जिंदगी अनमोल है और इसे लाइक्स तथा व्यूज के लिए दांव पर नहीं लगाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *