प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तत्वावधान में हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर में संचालित डॉ.अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र द्वारा संघ लोक सेवा आयोग और राज्य लोक सेवा आयोगों की सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम में प्रवेश हेतु पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से प्रारंभ हो चुकी है तथा आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी केंद्र की आधिकारिक प्रवेश वेबसाइट https://hnbgudaceadmission.samarth.edu.in/index.php के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जाति अन्य पिछड़ा वर्ग तथा पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग शैक्षणिक सहयोग नियमित मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराना है ताकि वे सिविल सेवा परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर देश एवं समाज की सेवा में अपना योगदान दे सकें। डॉ.अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र के माध्यम से अब तक 50 से अधिक विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। यह उपलब्धि केंद्र द्वारा प्रदान किए जा रहे शैक्षणिक मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण तैयारी के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित पात्र अभ्यर्थियों को संघ लोक सेवा आयोग एवं राज्य लोक सेवा आयोगों की सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त नियमानुसार पात्र चयनित अभ्यर्थियों को अधिकतम 12 माह तक प्रतिमाह चार हजार रुपये स्टाइपेंड प्रदान किए जाने का प्रावधान है। विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं मॉक टेस्ट शैक्षणिक परामर्श तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम के लिए अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इन वर्गों के अभ्यर्थियों के परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय आठ लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र हैं। स्नातक के अंतिम वर्ष अथवा अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं हालांकि प्रवेश के समय स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा। पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के लाभार्थियों के लिए योजना के अंतर्गत निर्धारित पृथक पात्रता प्रावधान लागू होंगे। डॉ.अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र के समन्वयक प्रोफेसर एम एम सेमवाल ने बताया कि केंद्र के माध्यम से पात्र अभ्यर्थियों को सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र सामाजिक एवं शैक्षणिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसका उद्देश्य पात्र अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी के अवसर प्रदान कर सिविल सेवाओं में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। अधिक जानकारी एवं आवेदन संबंधी सहायता के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9891591788 और 9805667711 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा hnbdace@gmail.com पर ईमेल भेजकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। केंद्र ने पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 18 अक्टूबर 2026 से पूर्व ऑनलाइन आवेदन कर निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का लाभ उठाएं।
