प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विभिन्न टीमों ने पनीर एवं मिठाई निर्माण इकाइयों मिठाई की दुकानों तथा डेयरियों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कलियर के पास सोहलपुर स्थित वाजिद स्वीट्स नामक मिठाई निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। मौके पर आठ जंग लगे एवं गंदे टीन के कनस्तरों में करीब 1.6 कुंतल सफेद रसगुल्ला 15 किलो गुलाबी रंग के रसगुल्ले 25 किलो स्टार्च पाउडर तथा करीब 40 किलो मिल्क केक विक्रय के लिए रखा मिला। निरीक्षण के दौरान रसगुल्लों के कई कनस्तरों में मृत मधुमक्खियां एवं मक्खियां पाई गईं। कनस्तरों में जंग लगी हुई थी तथा रसगुल्लों में स्टार्च पाउडर का उपयोग किया जा रहा था। मिठाई निर्माण स्थल पर भी अत्यधिक गंदगी पाई गई। निर्माण स्थल फूड ग्रेड मानकों के अनुरूप नहीं था। कच्ची फर्श और साफ-सफाई के अभाव के कारण दीवारें एवं छत काली पाई गईं। वहीं मिल्क केक की ट्रे एवं डिब्बे भी धूल भरे स्थानों पर रखे गए थे। टीम ने खुले रसगुल्ले एवं स्टार्च पाउडर के तीन नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। इसके बाद शेष मिठाइयों तथा करीब दो कुंतल स्टार्च पाउडर को मौके पर गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया। वाजिद स्वीट्स में मिठाई निर्माण का कार्य अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया गया है तथा फर्म का खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है। इसी टीम ने सिडकुल स्थित एक पनीर निर्माण इकाई का भी निरीक्षण किया। यहां फ्रीजर में करीब 50 किलो निर्मित पनीर संदिग्ध स्थिति में मिला। यह एनालॉग पनीर है अथवा नहीं इसकी पुष्टि के लिए पनीर का एक नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया। मौके पर कोई हानिकारक रसायन नहीं मिला। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा की टीम ने मायापुर कनखल रानीपुर मोड़ तथा ज्वालापुर क्षेत्र में आठ डेयरियों ढाबों रेस्टोरेंट एवं सप्लायर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रयोगशाला जांच के लिए घेवर मिठाई पतीसा मिठाई खुला दूध पैक्ड दही तथा पैक्ड ऑयल सहित पांच नमूने लिए गए। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पाण्डेय ने रुड़की शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। यहां प्रयोगशाला जांच के लिए मिठाइयों के तीन नमूने लिए गए। इस प्रकार जनपद हरिद्वार में मंगलवार को कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।
