प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सम्मेलन आयोजित कर जनपद में घटित अपराधों लंबित विवेचनाओं कानून एवं शांति व्यवस्था तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने 13 अगस्त को पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन एवं अत्यधिक पानी के रिसाव के कारण अंदर फंसे श्रमिकों एवं कर्मचारियों के लिए चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस फायर सर्विस एवं एसडीआरएफ की टीमों ने विपरीत और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद आपसी समन्वय साहस एवं तत्परता के साथ अभियान चलाया। रेस्क्यू टीमों ने टनल के भीतर फंसे श्रमिकों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। लगभग एक सप्ताह तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान के दौरान टीमों ने कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए 10 मृत श्रमिकों के शवों को भी बाहर निकाला। पुलिस अधीक्षक ने अभियान में शामिल पुलिस फायर सर्विस एवं एसडीआरएफ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साहस कर्तव्यनिष्ठा धैर्य एवं समर्पण की सराहना की। आगामी रक्षाबंधन ईद-ए-मिलाद एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों धर्मगुरुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ पीस कमेटी की बैठक और संवाद आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पर्वों के दौरान आपसी भाईचारा शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के साथ आवश्यक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। आगामी नंदा देवी जात को देखते हुए यात्रा मार्ग एवं प्रमुख पड़ावों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा तैनात पुलिस बल की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यालय स्तर से संचालित विभिन्न अभियानों की समीक्षा करते हुए उन्हें अधिक प्रभावी बनाने और परिणामपरक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। गोष्ठी के दौरान सीसीटीएनएस मास्टर ट्रेनर ने सीसीटीएनएस 2.0 के नवीन प्रावधानों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए सभी थाना प्रभारियों को प्रशिक्षण दिया। वहीं सर्किलवार लंबित विवेचनाओं विभिन्न प्रकरणों से संबंधित मालों पंचायतनामा मामलों ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शिकायतों न्यायालय से प्राप्त समन-वारंट गुमशुदाओं तथा अन्य लंबित जांचों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी लंबित प्रकरणों का तत्काल गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसिंग को स्मार्ट और प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान तथा पुलिस कार्यप्रणाली में डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। सिस्टम ऑफिसर रवि भंडारी ने अधिकारियों को आईसीजेएस के माध्यम से प्रथम सूचना रिपोर्ट एवं आरोप पत्र कंज्यूम करने की प्रक्रिया तथा न्यायालय में लंबित एवं विलंबित चालानों और वादों के संबंध में जानकारी दी। आगामी माह जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों में होने वाले छात्र संघ चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भी पुलिस अधीक्षक ने पूर्व से आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय प्रबंधन के साथ बैठक एवं संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन संभावित एवं संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से पुलिस बल तैनात रखने को कहा गया। मासिक अपराध गोष्ठी में विगत माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले निरीक्षक कर्ण सिंह प्रभारी एसडीआरएफ ज्योतिर्मठ उपनिरीक्षक लक्ष्मीप्रसाद बिजल्वाण प्रभारी चौकी पीपलकोटी तथा एफएसएसओ सुशील कुमार प्रभारी फायर स्टेशन गोपेश्वर को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। इसके अलावा सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट सहायक अभियोजन अधिकारी मनमोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
