Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। हिमालय की गोद में लगभग 15 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित सिखों के पवित्र तीर्थस्थल श्री हेमकुण्ड साहिब और पौराणिक श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट आज विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सेना के बैंड की मधुर धुनों शबद-कीर्तन और अंतिम अरदास के बीच माहौल भावुक हो उठा। आस्था सेवा और समर्पण के अद्भुत संगम के साथ इस वर्ष की यात्रा का समापन हुआ। इस वर्ष श्री हेमकुण्ड साहिब की यात्रा में रिकॉर्ड 3,84,573 से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र धाम में मत्था टेका। 23 मई से शुरू हुई यात्रा के समापन के अवसर पर गोविंद धाम घांघरिया से रागी जत्थे सहित हजारों श्रद्धालु हेमकुण्ड साहिब पहुंचे। इनमें पाकिस्तान से आया 40 सदस्यीय सिख श्रद्धालुओं का जत्था भी शामिल रहा। खुशनुमा मौसम और बर्फ से ढकी सप्तश्रृंग घाटी के मनमोहक नजारों के बीच श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण में लीन नजर आए। सुबह से शुरू हुए धार्मिक कार्यक्रम कपाट बंद होने के अवसर पर सुबह सुखमणी साहिब के पाठ के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। इसके बाद शबद-कीर्तन हुआ और दोपहर में यात्रा की अंतिम अरदास की गई। अरदास के पश्चात हुक्मनामा लेकर गुरु ग्रंथ साहिब को पंज प्यारों की अगुवाई में सेना के बैंड की मधुर और गौरवशाली धुनों के बीच दीवान हॉल से सचखंड साहिब में सुशोभित किया गया। इसके बाद श्री हेमकुण्ड साहिब और श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। बर्फबारी और दुर्गम रास्तों के बीच पुलिस और एसडीआरएफ ने संभाली सुरक्षा इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के साथ ही मौसम की चुनौतियां भी सामने आईं। भारी बर्फबारी बारिश कड़ाके की ठंड और फिसलन भरे दुर्गम रास्तों के बावजूद पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल एसडीआरएफ के जवान लगातार मुस्तैदी से डटे रहे। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के नेतृत्व और दिशा-निर्देशन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुगम आवाजाही और यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई। कठिन रास्तों पर पुलिस के जवानों ने श्रद्धालुओं का हाथ थामकर उन्हें सुरक्षित रास्ता पार कराया। जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराई गई। गुरुद्वारा प्रबंधन ने चमोली पुलिस की कार्यशैली की सराहना की गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा और वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैदी और कुशल प्रबंधन के लिए प्रभारी निरीक्षक गोविन्दघाट चित्रगुप्त सिंह तथा चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह की विशेष रूप से सराहना की और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर मोनू सिंह ग्रन्थी हामिद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने भी चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों के सेवाभाव सहयोग और तत्परता की सराहना की। दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हुए जवानों ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा में सहयोग दिया। कठिन परिस्थितियों में उनकी सहायता और सेवा ने मानवता तथा समर्पण का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *