प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ उफरैंखाल में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा और खेल सुविधाओं से जुड़ी करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय उफरैंखाल में 392.56 लाख रुपये की लागत से निर्मित महिला छात्रावास और राजकीय इंटर कॉलेज उफरैंखाल में 303.35 लाख रुपये की लागत से बने नए विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही महाविद्यालय में 177.42 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान और सुरक्षा दीवार का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि महिला छात्रावास बनने से क्षेत्र की छात्राओं को सुरक्षित वातावरण में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। नए विद्यालय भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी जबकि खेल मैदान और सुरक्षा दीवार के निर्माण से महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता तथा आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए आगे भी प्रयास जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान राजकीय महाविद्यालय उफरैंखाल में स्वामी विवेकानंद और मां सरस्वती की मूर्तियों का अनावरण भी किया गया। डॉ.रावत ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और मां सरस्वती के आशीर्वाद को ज्ञान संस्कार आत्मविश्वास और राष्ट्रनिर्माण का प्रेरणास्रोत बताते हुए युवाओं से शिक्षा और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री उफरैंखाल में ग्राम विकास समिति भैड़गांव मल्ला दिल्ली पंजीकृत और महिला मंगल दल भैड़गांव मल्ला की ओर से आयोजित 24वें भूमिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट भूमिया कप-2026 में शामिल हुए। उन्होंने आयोजन समिति और खेल प्रेमियों को प्रतियोगिता के आयोजन पर बधाई देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से युवाओं में अनुशासन टीम भावना आपसी भाईचारा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। इस दौरान डॉ.रावत ने ग्राम सभा डुलमोट की महिला मंगल दलों तथा उफरैंखाल क्षेत्र की ग्राम सभाओं भतपौं कफलगांव और भैड़गांव के महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की। उन्होंने महिलाओं से संवाद कर उनके सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महिला मंगल दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिलाओं की सामूहिक सहभागिता से गांवों में सामाजिक चेतना सांस्कृतिक संरक्षण और सामुदायिक विकास को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष थलीसैंण जिला पंचायत सदस्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
