प्रदीप कुमार
रुड़की-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गणेशपुर निवासी विनय कुमार पुत्र संजय कुमार ने 27 नवंबर को कोतवाली रुड़की में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 नवंबर को उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की। एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 27 नवंबर को कलियर नहर पटरी रुड़की से मुजम्मिल पुत्र मुशर्रफ निवासी ग्राम कुमराड़ी कोतवाली मंगलौर हाल निवासी ग्राम महमूदपुर थाना कलियर जनपद हरिद्वार को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र जगमोला और कांस्टेबल सुरेश तोमर शामिल रहे।
