प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आपदा प्रबंधन दिवस पर शनिवार को उत्तराखंड शासन के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद के 11 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। भूकंप बाढ़ भगदड़ अग्निकांड और सड़क दुर्घटना जैसी आपातकालीन परिस्थितियों के काल्पनिक परिदृश्य तैयार कर विभिन्न विभागों की राहत एवं बचाव तैयारियों को परखा गया। इस दौरान अलग-अलग घटनास्थलों पर घायल दर्शाए गए कुल 155 लोगों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू करने का अभ्यास किया गया। सभी मॉक ड्रिल स्थलों पर 11 ऑब्जर्वर तैनात किए गए थे। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सुबह 9:35 बजे जनपद के कई क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना मिली। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देशन में इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम सक्रिय किया गया और स्टेजिंग एरिया तैयार कर राहत एवं बचाव दलों को घटनास्थलों के लिए रवाना किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज बीएचईएल हरिद्वार में भूकंप से विद्यालय की छत गिरने और बच्चों के मलबे में दबने का परिदृश्य तैयार किया गया। इसी तरह रुड़की के अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज और नेहरू राष्ट्रीय इंटर कॉलेज मंगलौर तथा भगवानपुर के आरएनआई इंटर कॉलेज में भी भूकंप से विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त होने और बच्चों के फंसने की स्थिति में बचाव अभियान चलाया गया। खानपुर के नेशनल कन्या इंटर कॉलेज में भूकंप से भवन के दो कक्ष क्षतिग्रस्त होने और विद्यार्थियों के मलबे में फंसने का अभ्यास किया गया। यहां विद्यालय स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को बाहर निकालने के बाद राहत टीमों ने 22 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू करने का अभ्यास किया। इनमें 12 लोगों को चिकित्सा केंद्र और 10 लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की व्यवस्था की गई। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल रोशनाबाद स्थित हीरो मोटोकॉर्प और एकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड में विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लगने और प्लांट में धुआं भरने का परिदृश्य तैयार किया गया। अग्निशमन और अन्य टीमों ने आग पर नियंत्रण पाने तथा कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। चंडीघाट पुल के समीप बस और ट्रक की टक्कर में यात्रियों के घायल होने की स्थिति में भी राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़ और श्रद्धालुओं के घायल होने का परिदृश्य तैयार कर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता परखी गई। वहीं हरकी पैड़ी स्थित शिव पुल पर गंगा का जलस्तर बढ़ने से यात्रियों के बहने की काल्पनिक सूचना पर जल पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया और यात्रियों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया। इनमें दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजने की प्रक्रिया भी अपनाई गई। राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन के लिए विभिन्न क्षेत्रों में स्टेजिंग एरिया और रिलीफ कैंप निर्धारित किए गए थे। हरिद्वार क्षेत्र में रामलीला मैदान बीएचईएल सेक्टर-4 को स्टेजिंग एरिया और भारती इंटर कॉलेज सेक्टर-4 को रिलीफ कैंप बनाया गया। जिला चिकित्सालय हरिद्वार हीरो मोटोकॉर्प प्लांट और राजकीय इंटर कॉलेज बीएचईएल को घटनास्थल निर्धारित किया गया। लक्सर और खानपुर क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज गोवर्धनपुर लक्सर को स्टेजिंग एरिया एवं रिलीफ कैंप बनाया गया जबकि राजकीय इंटर कॉलेज रायसी और नेशनल कन्या इंटर कॉलेज खानपुर को घटनास्थल रखा गया। रुड़की में एचआरडीए कार्यालय को स्टेजिंग एरिया और नगर निगम रैन बसेरा को रिलीफ कैंप बनाया गया। अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज रुड़की और नेहरू राष्ट्रीय इंटर कॉलेज मंगलौर घटनास्थल रहे। भगवानपुर में तहसील कार्यालय परिसर को स्टेजिंग एरिया एवं रिलीफ कैंप तथा आरएनआई इंटर कॉलेज को घटनास्थल निर्धारित किया गया। औद्योगिक और रेलवे स्टेशन क्षेत्र के लिए भी रामलीला मैदान बीएचईएल सेक्टर-4 और भारती इंटर कॉलेज सेक्टर-4 को क्रमशः स्टेजिंग एरिया और रिलीफ कैंप बनाया गया जबकि एकम्स कंपनी और हरिद्वार रेलवे स्टेशन को घटनास्थल रखा गया। मॉक एक्सरसाइज के समापन पर जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में ऑब्जर्वर्स की मौजूदगी में डी-ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। इसमें अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों घटनास्थलों तक पहुंचने में लगे समय संसाधनों की उपलब्धता और विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई। भविष्य में आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर भी चर्चा हुई। मॉक ड्रिल में आईआरएस के अंतर्गत नामित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राजस्व विभाग एनडीआरएफ पीएसी पेयजल कृषि पुलिस जल पुलिस एसडीआरएफ पंचायतीराज सीआईएसएफ जीआरपी अग्निशमन विकास शिक्षा विद्युत जिला अर्थ एवं संख्या पूर्ति स्वास्थ्य पशुपालन लोक निर्माण सिंचाई ग्रामीण निर्माण और परिवहन विभाग की टीमों ने प्रतिभाग किया। इसके अतिरिक्त आपदा मित्र स्वयंसेवकों एनएसएस और युवक मंगल दल के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता की। अभ्यास में जेसीबी ट्रक एंबुलेंस फायर टेंडर वुड कटर आयरन कटर राफ्ट और मोटराइज्ड राफ्ट सहित विभिन्न राहत एवं बचाव उपकरणों का उपयोग किया गया। इस दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विभव गुप्ता सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी जिला विकास अधिकारी केके पंत जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त विंग कमांडर सरिता पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी 11 मॉक ड्रिल स्थलों पर भी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहे।
