प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्री हेमकुंड साहिब की पवित्र यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बर्फबारी के बाद दुर्गम और फिसलन भरे रास्तों पर आवाजाही में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर जमी बर्फ के कारण यात्रा चुनौतीपूर्ण हो गई है। ऐसे में चमोली पुलिस के जवान मुस्तैदी से श्रद्धालुओं की मदद में जुटे हुए हैं और उन्हें सुरक्षित रास्ता पार कराने में सहयोग कर रहे हैं। बर्फ से ढके दुर्गम रास्तों पर पुलिस के जवान श्रद्धालुओं का हाथ थामकर उन्हें सावधानीपूर्वक रास्ता पार करा रहे हैं। जवानों का प्रयास है कि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे तथा उन्हें कठिन रास्तों पर किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान पाकिस्तान से आए सिख श्रद्धालुओं के जत्थे सहित अन्य यात्रियों को भी चमोली पुलिस के जवानों का सहारा मिल रहा है। जवान बर्फबारी से उत्पन्न चुनौतियों और फिसलन भरे रास्तों के बीच श्रद्धालुओं की मदद कर उन्हें सुरक्षित आगे बढ़ने में सहयोग दे रहे हैं। कहीं बर्फ की चुनौती है तो कहीं फिसलन भरी राहें लेकिन वर्दी में तैनात चमोली पुलिस के जवान हर कदम पर श्रद्धालुओं के साथ खड़े हैं। दुर्गम परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सहायता कर पुलिस के जवान सेवा और मानवता का परिचय दे रहे हैं।
