Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज पांजणा में करियर काउंसिलिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भविष्य के लिए सही दिशा प्रदान करने के साथ ही उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला समाज कल्याण अधिकारी टी आर मलेठा ने छात्र-छात्राओं को करियर काउंसिलिंग के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राएं किस प्रकार अपनी रुचि के अनुसार सही करियर का चयन कर सकते हैं और इसके लिए किन महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं अटल अभ्युदय योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभू प्रसाद ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए करियर निर्माण अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। भाषण प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में दीपिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि सीनियर वर्ग में सुहानी प्रथम रहीं। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12 की छात्रा सुहानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में आरुषि ने बाजी मारी। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में सहायक समाज कल्याण अधिकारी विद्यालय के समस्त शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *