Spread the love

प्रदीप कुमार
पैठाणी-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से पैठाणी में आयोजित भव्य रक्षाबंधन समारोह में महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण मुख्य अतिथि तथा प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्य मंत्री अनुराधा वालिया एवं डॉक्टर दीपा रावत भी मौजूद रहीं। समारोह में रक्षाबंधन पर्व को सामाजिक समरसता और महिला सम्मान के उत्सव के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं और भाजपा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वयं उत्तराखंड विधानसभा में महिला अध्यक्ष के रूप में कार्य करना महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रमाण है। भाजपा प्रत्येक चुनाव में महिलाओं को अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व देने का प्रयास करती है और पौड़ी जिले की जिला पंचायत अध्यक्ष भी महिला हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं बल्कि विश्वास आत्मीयता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में आपसी स्नेह और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत करने का संदेश देता है। मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से लगातार रक्षाबंधन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं लेकिन इस बार महिलाओं में जो उत्साह और जनभागीदारी दिखाई दे रही है वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के पवित्र प्रेम स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। यह पर्व पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने के साथ समाज में सद्भाव सम्मान और सहयोग की भावना को भी सशक्त करता है। डॉ.रावत ने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित बहनों ने स्नेहपूर्वक राखी बांधकर प्रेम और विश्वास के पावन बंधन को और मजबूत किया है। उन्होंने सभी बहनों के सुख समृद्धि सम्मान और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशहाली शांति और नई ऊर्जा का संचार करे। रक्षाबंधन समारोह में महिलाओं की भारी भागीदारी से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। महिलाओं ने भाजपा सरकार द्वारा महिला सम्मान एवं सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख थलीसैंण सुनीता रावत ब्लॉक प्रमुख पाबौं लता देवी भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी प्रियंका रावत रजनी देवी शर्मिला भट्ट मोनिका देवी सुलोचना देवी सहित महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *