प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सोमवार को नई टिहरी स्थित जिला सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी टिहरी गढ़वाल वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें जनपदवासियों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। जनता दरबार में कुल 21 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जो पेयजल विद्युत मुआवजा पेंशन सहित अन्य विषयों से संबंधित थे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। प्रभारी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों का समाधान हो चुका है उन्हें तत्काल पोर्टल पर अद्यतन किया जाए। नगर पालिका क्षेत्र टिहरी की वार्ड सदस्य प्रीति पोखरियाल ने वार्ड आठ में सड़कों की मरम्मत कराने और विभिन्न स्थानों पर खतरनाक क्षेत्रों को ठीक कराने की मांग रखी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम बेरनी निवासी मनेन्द्र सिंह नेगी ने प्राथमिक विद्यालय की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निर्माण कराने की मांग की। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड चंबा के ग्राम काण्डा निवासी कान सिंह पुण्डीर ने बताया कि पेयजल लाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के कारण उनके घर की सुरक्षा दीवार ढह गई थी। पांच माह बीत जाने के बाद भी सुरक्षा के लिए कोई कार्य नहीं कराया गया। इस पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। तहसील मदन नेगी के ग्राम पाचरी निवासी जेठू राम सुरेन्द्र दत्त खिमा नन्द और रविन्द्र दत्त ने शिकायत की कि उनके पिता की मृत्यु के बाद उनकी माता की भी वर्ष 2017 में मृत्यु हो गई थी। इसके बावजूद अब तक दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इस मामले में तहसीलदार को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बौराड़ी बस अड्डे पर दुकान एस-38 के दुकानदार मोहम्मद शहजाद ने बताया कि उनकी दुकान के बगल की भूमि से पुनर्वास विभाग ने अवैध अतिक्रमण हटाकर भवन निर्माण के लिए एक पात्र व्यक्ति को भूमि आवंटित की थी। आरोप है कि पात्र व्यक्ति ने बाद में यह भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। अब वहां बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन निर्माण कराया जा रहा है जिससे सड़क भी संकरी हो गई है। इस पर प्रभारी जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बौराड़ी स्थित पीआईसी में प्रधान सहायक नीलम ममगाई ने शिकायत की कि उनके आवास ई-3 के पड़ोसी ने छत पर पानी की टंकी लगा रखी है। इससे उनके घर की दीवारों में पानी का रिसाव हो रहा है। टंकी हटाने की बात कहने पर पड़ोसी द्वारा झगड़ा करने की शिकायत भी की गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अधिशासी अधिकारी सीओ टिहरी तथा प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राम प्रकाश उपजिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
