Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के उद्देश्य से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चौबट्टाखाल में विशेष शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 102 दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण एवं चिह्नांकन किया गया। इसके साथ ही तीन दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए गए और 15 विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र यानी यूडीआईडी कार्ड से संबंधित प्रक्रिया पूरी की गई। शिविर में 13 दिव्यांगजनों को एडिप योजना के तहत सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया। वहीं 89 वरिष्ठ नागरिकों को राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए चिह्नित किया गया। लाभार्थियों की आवश्यकता के अनुसार आगामी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पात्रता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर के दौरान दिव्यांगजनों के दस्तावेजों से संबंधित कार्य भी किए गए। इसमें तीन दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए गए तथा 15 यूडीआईडी कार्ड से संबंधित प्रक्रिया पूरी की गई। इन दस्तावेजों के तैयार होने से पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविरों का उद्देश्य लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ ही उन्हें आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित करना और जरूरी दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया को सरल बनाना है। इससे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी। शिविर में ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा संजय गुसाईं ज्येष्ठ प्रमुख पोखड़ा प्रदीप रावत एसडीएम रेखा आर्य बीडीओ एकेश्वर सौरभ हांडा बीडीओ पोखड़ा सूर्यप्रकाश शाह एडीओ समाज कल्याण पोखड़ा नवीन रावत एकेश्वर के अमरीश सैनी अभिषेक पोखरियाल और अरविंद गुसाईं सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग पौड़ी गढ़वाल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार शिविर का आयोजन दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *