Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय इंटर कॉलेज जयंती कोठियाडा में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं के लिए पेंटिंग मेहंदी रंगोली और नृत्य प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना जखोली के ब्लॉक समन्वयक बलराम कोठारी ने छात्राओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बालिका शिक्षा और बालिकाओं के अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए लिंग परीक्षण पर रोक लगाने तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों को समझकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला सहायक पोषण मिशन सोनम भंडारी और प्रियांशु सिंह सहित क्षेत्रीय सुपरवाइजर तथा विद्यालय के अध्यापकों ने भी अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने बालिकाओं की शिक्षा उनके अधिकारों और समान अवसरों की आवश्यकता पर जोर देते हुए छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। जिला सूचना अधिकारी रुद्रप्रयाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें शिक्षा अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *