Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने गोपेश्वर, चमोली और पीपलकोटी बाजारों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पैकेजिंग एक्सपायरी डेट और भंडारण व्यवस्था की जांच की। इस दौरान पांच दुकानों से विभिन्न खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं तीन दुकानों में एक्सपायरी खाद्य सामग्री पाए जाने पर टीम ने उसे मौके पर ही नष्ट कराया। संबंधित दुकानदारों को नोटिस भी जारी किए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। अभिहित अधिकारी अमिताभ जोशी ने बताया कि त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के बाजारों में लगातार औचक निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी प्रमुख बाजारों में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों के दौरान मिलावटी खराब अथवा एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना और आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *