Spread the love

प्रदीप कुमार
कैम्पटी-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना कैम्पटी जनपद टिहरी गढ़वाल में मंगलवार को पुलिस कर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देश पर आयोजित शिविर में थाना कैम्पटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी चम्बा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कैम्पटी द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन कराया गया। इस दौरान स्वास्थ्य टीम ने पुलिस कर्मियों का प्रारंभिक फुल बॉडी हेल्थ चेकअप किया और विभिन्न स्वास्थ्य मानकों की जांच के लिए ब्लड सैंपल लिए। शिविर में सीबीसी ब्लड शुगर कोलेस्ट्रॉल ट्राइग्लिसराइड लिवर फंक्शन टेस्ट हार्ट डेंसिटी एवं लिपोप्रोटीन संबंधी जांच तथा हीमोग्लोबिन आदि की जांच की गई। पुलिस कर्मियों की ड्यूटी की प्रकृति को देखते हुए स्वास्थ्य की नियमित निगरानी को महत्वपूर्ण बताया गया। पुलिसकर्मी दिन-रात कानून-व्यवस्था यातायात अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा के लिए ड्यूटी करते हैं। ऐसे में स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण आवश्यक है। स्वास्थ्य टीम ने पुलिस कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने नियमित व्यायाम करने तथा खान-पान में आवश्यक सुधार करने के संबंध में जानकारी दी। साथ ही व्यस्त एवं तनावपूर्ण ड्यूटी के बीच पर्याप्त आराम संतुलित भोजन एवं नियमित स्वास्थ्य जांच को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए जागरूक किया गया। विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन तथा अस्वास्थ्यकर खान-पान से बचने की जानकारी भी दी गई। शिविर में लिए गए ब्लड सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यकता के अनुसार आहार विशेषज्ञ या पोषण विशेषज्ञ को बुलाकर पुलिस कर्मियों को उनकी स्वास्थ्य रिपोर्ट के आधार पर उचित आहार एवं पोषण संबंधी परामर्श दिया जाएगा। इस दौरान बीमारी की रोकथाम स्वस्थ रहने के लिए आवश्यक आहार विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित व्यक्तियों के लिए उपयुक्त भोजन तथा दैनिक जीवनशैली में आवश्यक बदलावों के संबंध में भी विशेषज्ञ जानकारी देंगे। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में डॉ.शशांक शेखर सीएचओ प्रियंका रावत सीएचओ विनिता लैब टेक्नीशियन नितिन पंवार एवं एक्स-रे टेक्नीशियन सत्यपाल राणा ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। थाना कैम्पटी पुलिस द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखना है ताकि वे पूर्ण क्षमता एवं समर्पण के साथ जनसेवा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *