प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर-2026 को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों तथा निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रक्रिया को समयबद्ध पारदर्शी एवं नियमानुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अपात्र एवं दोहरी प्रविष्टियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाए। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया और मानकों का पूरी तरह पालन करने तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अनमैप्ड एवं नो-मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। जनपद में कुल 1,39,967 नोटिस जारी किए गए जिनमें से सभी नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। अब तक 1,33,275 मामलों में सुनवाई पूरी हो चुकी है जबकि शेष मामलों में सुनवाई की कार्रवाई जारी है। अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न छूटे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अनमैप्ड मतदाताओं से संबंधित मामलों में सुनवाई की कार्रवाई को गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए निर्धारित प्रपत्र-9,प्रपत्र-10,प्रपत्र-11 प्रपत्र-11ए एवं प्रपत्र-11बी की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नोटिस की अवधि में स्वीकार किए जाने वाले विभिन्न दस्तावेजों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह सहायक नोडल एसआईआर मास्टर आदर्श तथा राजनीतिक दलों से सुरेंद्र सिंह रावत जगमोहन सिंह नेगी जगमोहन सिंह रावत राजेंद्र सिंह रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
