प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। ईद मिलाद-उन-नबी और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुस्लिम समाज श्रीनगर की ओर से जामा मस्जिद परिसर में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। बेस अस्पताल श्रीकोट के ब्लड बैंक में रक्त की आवश्यकता को देखते हुए आयोजित इस शिविर में युवक-युवतियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। शिविर में 105 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जबकि करीब 20 इच्छुक रक्तदाता ब्लड बैंक में रक्त सुरक्षित रखने की क्षमता पूरी हो जाने के कारण रक्तदान नहीं कर सके। मुस्लिम समाज श्रीनगर की ओर से आयोजित यह लगातार तीसरा विशाल रक्तदान शिविर था। सुबह से ही जामा मस्जिद परिसर में रक्तदान करने वालों की लंबी कतार लग गई। बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से रक्तदान के लिए पहुंचे। युवाओं के साथ महिलाओं ने भी शिविर में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर का शुभारंभ समाजसेवी गिरीश पैन्यूली स्थानीय पार्षद सहित अन्य गणमान्य लोगों ने किया। शिविर के सफल आयोजन में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं वरिष्ठ नागरिकों और प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। बेस अस्पताल श्रीकोट के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सतीश कुमार के नेतृत्व में ब्लड बैंक की टीम सुबह से शाम तक शिविर में जुटी रही। टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच के बाद रक्त संग्रह की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से लगातार तीसरी बार रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। ईद मिलाद-उन-नबी और रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस शिविर ने सामाजिक सद्भाव भाईचारे सेवा और इंसानियत का संदेश दिया। इस अवसर पर संयुक्त अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ.रचित गर्ग डॉ. दिकपाल दत समाजसेवी परवेज अहमद जामीन अंसारी नजमुल राव जावेद हैदर जावेद अहमद इस्लाम वकील अहमद अकील मुकीम गुलफाम लक्की शाकिर फरमान पप्पू शाह आलम इरशाद शमीम अहमद सहित अनेक लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं सहयोगी संस्थाओं वरिष्ठ नागरिकों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। शिविर के माध्यम से लोगों ने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने के साथ ही समाज में सेवा सहयोग और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
