Spread the love

प्रदीप कुमार
थलीसैंण-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के विकासखंड थलीसैंण में निर्माणाधीन क्षतिग्रस्त एवं वन भूमि से आच्छादित सड़कों को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को बूंगीधार स्थित लोनिवि अतिथि गृह में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों की स्थिति निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और निर्माणाधीन सड़कों के कार्य निर्धारित समयसीमा में हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने सड़क निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में कैबिनेट मंत्री ने वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रकरणों की भी डीएफओ से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वन भूमि से जुड़े जिन मामलों में कार्रवाई लंबित है उनमें आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारण की कार्रवाई तेज की जाए ताकि वन भूमि से संबंधित औपचारिकताओं के कारण सड़क निर्माण कार्य प्रभावित न हों। उन्होंने लोनिवि एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़क सुविधा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सड़कें गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के साथ ही ग्रामीणों को शिक्षा स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत से संबंधित कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। कैबिनेट मंत्री ने विशेष रूप से बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्गों और ढह चुके पुश्तों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पुश्तों का समय पर पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जाए ताकि वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कत का सामना न करना पड़े। समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी अधिशासी अभियंता लोनिवि बैजरो लोकेश सारस्वत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *