प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आगामी रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में श्रीनगर और कोटद्वार क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने के साथ ही खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत कुल 16 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 10 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए जिनमें 5 विधिक और 5 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। संग्रहित नमूनों में 6 नमूने मिठाई एवं नमकीन तथा 4 नमूने अन्य खाद्य पदार्थों के हैं। अभियान के दौरान दूध एवं दूध से बने उत्पादों का कोई नमूना नहीं लिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई एवं स्वीट शॉप संचालकों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही बिना लेबल और बिना तिथि अंकित पैक्ड खाद्य सामग्री जिसमें बेकरी उत्पाद एवं नमकीन शामिल थे को नियमानुसार नष्ट कराया गया। सहायक आयुक्त खाद्य पीसी जोशी ने बताया कि अभियान के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के संबंध में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सैंपलिंग और निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इस अवसर पर श्रीनगर में सहायक आयुक्त खाद्य पीसी जोशी तहसीलदार दीपक भंडारी एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल तथा कोटद्वार में तहसीलदार सनवाल वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा एवं राजस्व उपनिरीक्षक अमित नेगी उपस्थित रहे।
