Spread the love

प्रदीप कुमार
सौराखाल भरदार-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सौराखाल भरदार में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने भरदार क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत ₹65 करोड़ से अधिक है। सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों को बेहतर यातायात सुविधा और सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विकासखंड जखोली में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जवाड़ी बाईपास से मल्यासु-कोटली-बांसी मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। 14.925 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर ₹24.95 करोड़ की लागत आएगी। इसके साथ ही 8.025 किलोमीटर लंबी वीराणगांव-जाखाल मोटर मार्ग का भी शिलान्यास किया गया जिसकी लागत ₹12.63 करोड़ है। वहीं तिलवाड़ा-सौराखाल मोटर मार्ग के किलोमीटर 8 से अन्द्रीया डांग (घेंघड़) मोटर मार्ग का भी शिलान्यास किया गया। 4.85 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर ₹7.77 करोड़ की लागत आएगी। इस अवसर पर बड़ियारगढ़-धौढंगी से सौराखाल तक मोटर मार्ग के उन्नयन एवं डामरीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया गया। 13.52 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के कार्य पर ₹12.21 करोड़ की लागत आई है। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि भरदार क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क पेयजल शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में भरदार क्षेत्र के विकास के लिए ₹232 करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत एवं संचालित की गई हैं। इनमें अधिकांश योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं जबकि शेष योजनाओं पर कार्य गतिमान है। उन्होंने बताया कि सेमलता-डूंगरा-कफना मोटर पुल के निर्माण के लिए ₹6.32 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। जल्द ही पुल का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। कैबिनेट मंत्री ने सौंदा-क्वीलाखाल पेयजल योजना के संबंध में बताया कि वन स्वीकृति के कारण योजना का कार्य रुका हुआ था। अब वन स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और योजना का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क शिक्षा पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। भरदार क्षेत्र में जारी विकास कार्य इसी दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट बद्री-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरवान वाचस्पति सेमवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *