Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार जांच एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में 26 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तीन टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों रेस्टोरेंट और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई समेत कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने डेसो चौक सिडकुल एवं शिवालिक नगर क्षेत्र की मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। रक्षाबंधन पर्व पर अधिक बिक्री होने वाली मिठाइयों के 6 नमूने लिए गए जिनमें बंगाली रसगुल्ला सादा घेवर मलाई घेवर और गुलाब जामुन का एक-एक तथा सफेद रसगुल्ले के दो नमूने शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस में रिटेलर एवं रेस्टोरेंट के लिए अनुमति होने के बावजूद मिठाइयों का निर्माण एवं बिक्री किया जाना पाया गया। इसके अलावा निर्माण स्थल पर खाद्य पदार्थ जमीन पर रखे जाने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर तीन मिठाई निर्माताओं एवं विक्रेताओं को नोटिस जारी किए गए। इनमें बीकानेर मिष्ठान भंडार डेसो चौक राजस्थान बीकानेर मिष्ठान भंडार सिडकुल तथा बीकानेर मिष्ठान भंडार सुभाषनगर शामिल हैं। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय ने रुड़की क्षेत्र की मिठाई की दुकानों एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। यहां प्रयोगशाला जांच के लिए मिठाई के दो नमूने तथा एनालॉग पनीर की जांच के लिए पनीर का एक नमूना लिया गया। मौके पर अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर तीन खाद्य कारोबारकर्ताओं को नोटिस जारी किए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने कनखल जगजीतपुर और रानीपुर मोड़ क्षेत्र की मिठाई दुकानों रिटेल मार्ट एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। कनखल स्थित पनीर के थोक विक्रेता से पनीर का एक जगजीतपुर स्थित डेयरी से खुले दूध का एक तथा मिठाई की दुकान से मावे का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया। रानीपुर मोड़ स्थित पिज्जा हट से खाद्य तेल का एक नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया। जगजीतपुर में एक मिठाई की दुकान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित मिली। अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में मिठाइयों एवं चटनी का भंडारण पाए जाने पर न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति की गई। मौके पर 10 किलोग्राम मिठाइयां एवं चटनी नष्ट कराई गईं। इसी क्षेत्र में एक मार्ट भी बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित पाया गया। यहां एक्सपायरी अवधि पूरी हो चुके खाद्य पदार्थों की बिक्री किए जाने पर चालानी कार्रवाई की संस्तुति की गई है। वहीं रानीपुर मोड़ स्थित 5 स्टार मिठाई की दुकान से काजू कतली और मलाई बर्फी के दो नमूने भी प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। इस प्रकार 26 अगस्त को जनपद हरिद्वार में मिठाई सहित कुल 15 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *