प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पौड़ी पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई प्रभावी बनाने और न्यायालयों से प्राप्त गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के अनुपालन में पुलिस की ओर से वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। थाना धुमाकोट पुलिस ने न्यायालय से जारी फौजदारी वाद से संबंधित गैर-जमानती वारंट की तामील करते हुए सलमान उम्र 31 वर्ष निवासी रामनगर जनपद नैनीताल को 12 अक्टूबर 2026 को उसके घर से गिरफ्तार किया। यह वारंट मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित मामले में जारी किया गया था। इसी क्रम में पौड़ी पुलिस टीम ने प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय पौड़ी से जारी भरण-पोषण के भुगतान से संबंधित मामले में वारंटी अभियुक्त बालम उम्र 51 वर्ष निवासी पौड़ी गढ़वाल को गिरफ्तार किया। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। धुमाकोट पुलिस टीम कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह और कांस्टेबल उपेंद्र कुमार राठी शामिल रहे। पौड़ी पुलिस टीम पौड़ी पुलिस की टीम में उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला हेड कांस्टेबल अनुज कुमार और हेड कांस्टेबल सुरेंद्र चौकी शामिल रहे।
