प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक तकनीकी एवं सांस्कृतिक महोत्सव क्लिफेस्टो 2026 का तीसरे और अंतिम दिन प्रसिद्ध गायिका सिमर कौर की स्टार नाइट के साथ यादगार समापन हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन विभिन्न तकनीकी सांस्कृतिक साहित्यिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं के फाइनल आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को उत्साह और उमंग से भर दिया। वहीं सिमर कौर की संगीतमय प्रस्तुति ने समापन समारोह को खास बना दिया। महोत्सव के तीसरे दिन फैशन वॉक नृत्य एवं गायन प्रतियोगिताओं के फाइनल के साथ रोप क्रॉलर इनोवेट 360 प्रश्नोत्सव और मॉडल यूनाइटेड नेशंस के फाइनल प्रमुख आकर्षण रहे। तकनीकी प्रतियोगिताओं और नवाचार आधारित गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में समस्या समाधान की क्षमता वैज्ञानिक दृष्टिकोण और टीम वर्क की भावना को प्रोत्साहित किया गया। वहीं नृत्य गायन फैशन वॉक और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने युवाओं की कलात्मक प्रतिभा तथा सांस्कृतिक विविधता को मंच प्रदान किया। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आए विद्यार्थियों की सहभागिता ने क्लिफेस्टो 2026 को आपसी संवाद रचनात्मक प्रतिस्पर्धा और प्रतिभा प्रदर्शन का महत्वपूर्ण मंच बनाया। तीन दिनों तक चले इस महोत्सव में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ तकनीकी और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला।तीसरे दिन का विशेष आकर्षण प्रसिद्ध गायिका सिमर कौर की स्टार नाइट रही। शाम को आयोजित संगीतमय कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बारिश की आंख मिचौली के बीच कार्यक्रम शुरू हुआ और छात्रों ने गायिका की प्रस्तुति तथा गीतों का जमकर आनंद लिया। संगीतमय माहौल ने महोत्सव के अंतिम दिन को यादगार बना दिया। क्लिफेस्टो 2026 का समापन विद्यार्थियों की प्रतिभा ऊर्जा रचनात्मकता और युवा उत्साह के उत्सव के रूप में हुआ। इस अवसर पर संस्थान के अधिष्ठातागण शिक्षक एवं कर्मचारी क्लिफेस्टो 2026 की आयोजन समिति के सदस्य मुख्य वार्डन और वार्डन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर करुणेश कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों की ओर से आयोजित कार्यक्रम के सफल संचालन पर सभी छात्रों शिक्षकों और कर्मचारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की।
