Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवलोक कॉलोनी के पास हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटे गए चांदी के सिक्के सफेद धातु की गाय की मूर्ति पेंडल एप्पल मोबाइल फोन बैग और पीड़ित के महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है। घटना के खुलासे में सीआईयू हरिद्वार की टीम ने भी सहयोग किया। जानकारी के अनुसार 21 अगस्त 2026 की रात शिवलोक कॉलोनी के पास तीन बदमाशों ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से प्रदीप कुमार शर्मा का पीछा कर उनका बैग लूट लिया था। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण दुकान की चाबियां एप्पल आईफोन बीएचईएल मेडिकल कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सीआईयू हरिद्वार की मदद से डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए गए और संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल की गई। इसी दौरान 25 अगस्त को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। पुलिस ने बीएचईएल के मटेरियल गेट के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसमें सवार तीन युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों की पहचान रितिक उर्फ टोपो निवासी खंजरपुर थाना मोदीनगर गाजियाबाद उत्तर प्रदेश उम्र 22 वर्ष सौरभ निवासी टांडा साहूवाला थाना बढ़ापुर बिजनौर उत्तर प्रदेश उम्र 19 वर्ष और राजीव सैनी उर्फ सागर निवासी चांदपुर थाना पथरी हरिद्वार उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कांवड़ मेले के दौरान बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी और सामान लेने के लिए कनखल आते-जाते थे। इसी दौरान उन्होंने एक सुनार को देखा और उसके बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। आरोपितों ने 11 अगस्त को भी सुनार का पीछा किया था लेकिन उस दिन अपने इरादे में सफल नहीं हो सके। इसके बाद 21 अगस्त को तीनों आरोपितों ने सुनार का पीछा करते हुए उसे शिवलोक कॉलोनी तक पहुंचाया। आरोपितों के अनुसार मौका मिलते ही उन्होंने कैंची से बैग का पट्टा काट दिया और बैग लूट लिया। पीड़ित ने अपना बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उसके साथ छीना-झपटी की और कैंची से वार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों लूटे गए सामान को राजा गार्डन जगजीतपुर स्थित रितिक उर्फ टोपो के कमरे पर ले गए। पुलिस टीम ने आरोपितों की निशानदेही पर उनके कमरे की तलाशी ली जहां से लूट का सामान बरामद हुआ। बरामद सामान में पांच सफेद धातु के सिक्के सफेद धातु की गाय की एक मूर्ति सफेद धातु का एक पेंडल एप्पल मोबाइल फोन प्रदीप कुमार शर्मा के आधार कार्ड की छायाप्रति बीएचईएल मेडिकल हेल्थ कार्ड/बुकलेट व अन्य दस्तावेज नीले रंग का बैग शामिल हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य पहलुओं के संबंध में विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपितों और बरामद माल को 26 अगस्त 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार रितिक उर्फ टोपो का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके विरुद्ध कनखल और अन्य मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। सौरभ और राजीव सैनी उर्फ सागर के संबंध में भी वर्तमान मामले से संबंधित आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भण्डारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्द किशोर ग्वाड़ी उपनिरीक्षक मंदीप सिंह अपर उपनिरीक्षक सुबोध घड़ियाल हेड कांस्टेबल जितेंद्र चौधरी हेड कांस्टेबल बिमल सिंह कांस्टेबल विवेक गुसाईं कांस्टेबल प्रेम सिंह कांस्टेबल उदय नेगी और कांस्टेबल चालक नीलय यादव शामिल रहे। सीआईयू टीम में निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम ने सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *