प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ग्रामीण उद्यमिता योजना के तहत संकेत क्लस्टर लेवल फेडरेशन को परिवहन एवं विपणन के लिए वाहन उपलब्ध कराया गया है। ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। वाहन मिलने से सीएलएफ से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को कच्चा माल लाने से लेकर तैयार उत्पादों को विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि संकेत सीएलएफ को कच्चा माल लाने और तैयार उत्पादों को विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से अपना वाहन उपलब्ध कराया गया है। इससे स्वयं सहायता समूहों को परिवहन के लिए बाहर से वाहन किराये पर लेने की आवश्यकता कम होगी। इससे समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी तथा सीएलएफ द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को आसानी से अलग-अलग बाजारों तक पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि वाहन का उपयोग सीएलएफ अन्य जरूरतमंद लोगों को किराये पर देने के लिए भी कर सकता है। इससे वाहन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होने के साथ ही सीएलएफ को अतिरिक्त आय प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि वाहन की सुविधा से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिलेगा और महिलाओं की आजीविका को और मजबूती मिलेगी। वाहन उपलब्ध होने से समूहों की महिलाओं को उत्पाद तैयार करने के लिए आवश्यक कच्चे माल की व्यवस्था करने तथा तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में पहले की अपेक्षा अधिक सुविधा मिलेगी। इससे उनके उत्पादों की पहुंच बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी। इस अवसर पर एबीडीओ धनपाल सिंह नेगी संकेत सीएलएफ की अध्यक्ष मालती देवी कोषाध्यक्ष संध्या देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
