प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बाल विकास परियोजना पौड़ी के अंतर्गत संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्व की खुशियां साझा कीं। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रक्षाबंधन पर्व से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों को रक्षाबंधन के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। साथ ही भाई-बहन के बीच प्रेम स्नेह सहयोग और आपसी सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराया गया। उन्हें विभिन्न त्योहारों के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई जिससे बच्चों में अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति समझ एवं रुचि विकसित हो सके। आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। पर्व के माध्यम से बच्चों को सामाजिक रिश्तों आपसी प्रेम और भाई-बहन के स्नेह के महत्व से भी अवगत कराया गया।
