Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में आवास विभाग के अधीन संचालित जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों निर्माणाधीन परियोजनाओं मानचित्र स्वीकृति और अवैध निर्माण के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने श्रीनगर बस अड्डे के हस्तांतरण की प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग परिवहन विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को संयुक्त रूप से बस अड्डे का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 31 अगस्त तक बस अड्डे को परिवहन विभाग को हस्तांतरित करना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने श्रीनगर में निर्माणाधीन गंगा संस्कृति केंद्र अपर चोपड़ा क्षेत्र में निर्माणाधीन पार्किंग सहित अन्य विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए ताकि परियोजनाओं का लाभ आमजन को समय पर मिल सके। अवैध निर्माण के मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण के विरुद्ध की गई चालानी एवं प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई की तहसीलवार सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रवार समीक्षा करते हुए अवैध निर्माण के मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के अंतर्गत मानचित्र स्वीकृति के लिए अब तक 2104 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2087 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है जबकि शेष प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई गतिमान है। जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को मानचित्र स्वीकृति से संबंधित सेवाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध हो सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास प्राधिकरण से संबंधित कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो और निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए। साथ ही आमजन से जुड़े मानचित्र स्वीकृति जैसे प्रकरणों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान अधिशासी अभियंता जिला विकास प्राधिकरण रणवीर सिंह अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग एलपी भट्ट सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग किशोर कुमार परियोजना प्रबंधक उत्तराखंड पेयजल निगम वीरेंद्र प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *