Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के शोध एवं विकास प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो.हेमवती नंदन को उत्तराखंड के दो प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों की विद्या परिषद के सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। उन्हें उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी तथा गोविंद बल्लभ पंत अभियंत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान पौड़ी उत्तराखंड की विद्या परिषद का सदस्य नामित किया गया है। दोनों संस्थानों की विद्या परिषद का सदस्य नियुक्त किया जाना प्रो.हेमवती नंदन की दीर्घ शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विशेषज्ञता तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित करता है। विद्या परिषद संस्थान की शैक्षणिक नीतियों पाठ्यक्रमों शोध एवं अकादमिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करने वाली प्रमुख शैक्षणिक संस्था होती है। ऐसे में दोनों संस्थानों में उनकी सहभागिता से उनके अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ व्यापक अकादमिक स्तर पर प्राप्त होने की अपेक्षा है। इस अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह एवं कुलसचिव प्रो.वाईपी रैवानी ने प्रो.हेमवती नंदन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रो.हेमवती नंदन का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव दोनों संस्थानों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा तथा उनके मार्गदर्शन एवं सहभागिता से शैक्षणिक गुणवत्ता शोध गतिविधियों और अकादमिक उन्नयन को नई दिशा प्राप्त होगी। ज्ञातव्य है कि भौतिक विज्ञान विभाग में कार्यरत प्रो.हेमवती नंदन सेंटर फॉर स्पेस रिसर्च नॉर्थ वेस्ट यूनिवर्सिटी साउथ अफ्रीका के विशेष मानद प्रोफेसर के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त वे वर्तमान में अंतर-विश्वविद्यालय खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी केंद्र पुणे के विजिटिंग एसोसिएट के रूप में पिछले 15 वर्षों से कार्यरत हैं। गढ़वाल विश्वविद्यालय में वर्तमान में विश्वविद्यालय अनुसंधान और वैज्ञानिक उत्कृष्टता संवर्धन के नाम से संचालित सबसे बड़ी शोध परियोजना के संयोजक भी प्रो. हेमवती नंदन हैं। विभिन्न शोध परियोजनाओं से जुड़े प्रो.हेमवती नंदन अभी तक 10 से अधिक देशों में अपने शोध कार्य के लिए विभिन्न अध्येतावृत्तियों के साथ भ्रमण कर चुके हैं। उनके सफल मार्गदर्शन में 20 से अधिक शोधार्थी प्रोजेक्ट फेलो और पोस्ट-डॉक्टोरल शोधार्थी कार्य कर चुके हैं। विश्वविद्यालय परिवार की ओर से भी प्रो.हेमवती नंदन को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी गईं। विश्वविद्यालय के शिक्षकों अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी विशेषज्ञता एवं अनुभव के माध्यम से दोनों संस्थानों की अकादमिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *