प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जनपद स्तरीय ओपन बालक वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता में जनपद की कुल छह टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला तिलवाड़ा और श्रीनगर की टीमों के मध्य खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और स्कोर 23-23 से बराबर रहा जिसके चलते मैच टाई हो गया। इसके बाद विजेता के निर्णय के लिए पांच-पांच रेड का टाईब्रेकर लागू किया गया। टाईब्रेकर में तिलवाड़ा की टीम ने श्रीनगर को 5-4 से हराकर जीत दर्ज की और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच के दौरान दर्शकों ने दोनों टीमों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर युवा कल्याण विभाग के प्रशिक्षक मनवर नेगी दीपक सिंह रावत सहित अन्य खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।
