Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में 21 अक्टूबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा रुद्रप्रयाग में पुलिस स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश की सुरक्षा और सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया। एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक पूरे देश में कुल 154 पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारी और कर्मचारी कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। इन वीर जवानों के अदम्य साहस और शौर्य के साथ उनकी कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर और प्रतिसार निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा सहित उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया गया तथा उनके सम्मान में शोक सलामी दी गई। रुद्रप्रयाग पुलिस ने राष्ट्र की सेवा और सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण करने का संकल्प दोहराया। पुलिस ने कहा कि वीर जवानों का अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *