Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत छाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुंडा अधिनियम के अंतर्गत जारी वारंट के अनुपालन में एक वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 21 अक्टूबर 2026 को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजेश उम्र 30 वर्ष पुत्र बुढ़िया निवासी ग्राम डडॉली थाना छाम जनपद टिहरी गढ़वाल के विरुद्ध पूर्व में थाना छाम पुलिस की ओर से गुंडा अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई थी। इस मामले में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के न्यायालय से नोटिस जारी होने के बावजूद आरोपी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपस्थित नहीं हो रहा था। इसके बाद जिलाधिकारी की ओर से आरोपी के विरुद्ध वारंट जारी किया गया। जारी वारंट के अनुपालन में 21 अक्टूबर 2026 को थाना छाम पुलिस टीम ने आरोपी को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिव शंकर उनियाल और कांस्टेबल अमरेश के साथ कांस्टेबल मुकेश चमोली तथा कांस्टेबल अनूप भट्ट और कांस्टेबल चालक गंभीर शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और वांछित वारंटियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *