Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए चमोली पुलिस की ओर से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पोखरी पुलिस ने मोहनखाल बैरियर पर चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने और आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन संचालित करने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। चेकिंग के दौरान अनूप भट्ट पुत्र रामेश्वर भट्ट निवासी अगस्त्यमुनि जनपद रुद्रप्रयाग को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया। जांच के दौरान चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला। इसके साथ ही वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए। पोखरी पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए वाहन को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। मामले में मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं क्योंकि इससे चालक के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान को भी गंभीर खतरा हो सकता है। वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *