Spread the love

प्रदीप कुमार
थराली-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर शनिवार को खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा थराली तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने थराली और कुलसारी बाजार में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य सामग्री का कारोबार करने वाले विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने कुछ दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए। वहीं तीन प्रतिष्ठानों में कालातीत खाद्य सामग्री पाए जाने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए। अभिहित अधिकारी अमिताभ जोशी ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न बाजारों में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को थराली और कुलसारी बाजार में खाद्य सामग्री का कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जनपद में खाद्य सुरक्षा को लेकर निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *