Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत शनिवार को जनपद हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने रेस्टोरेंट ऑनलाइन ई-प्लेटफॉर्म एवं मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता निर्माण भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई तथा कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा पेंटागन मॉल स्थित मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बर्गर एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में बदबूदार खराब हो चुके तथा मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त कटे हुए प्याज का उपयोग किया जाना पाया गया। खाद्य पदार्थों के निर्माण में बेस के रूप में उपयोग किए जा रहे टॉर्टिला रैप के लेबल पर निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि मिटाई गई थी। इसके अलावा नोमिनी चेंज के बाद भी फूड लाइसेंस में नए नोमिनी का इंडोर्समेंट नहीं कराया गया था। फूड लाइसेंस में मीट एवं मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम एवं डेजर्ट की खाद्य श्रेणी का इंडोर्समेंट भी नहीं पाया गया। इन कमियों को देखते हुए मौके पर ही मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम एवं डेजर्ट के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगा दी गई। साथ ही संबंधित रेस्टोरेंट के फूड लाइसेंस के निलंबन की संस्तुति की गई। मौके से आइसक्रीम डेजर्ट में प्रयोग किए जाने वाले कोटेड क्रिस्पीज तथा बटर स्कॉच चॉको डिप के दो नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा द्वारा नगर निगम हरिद्वार के अंतर्गत आर्यनगर एवं ज्वालापुर स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। आर्यनगर स्थित पिलपकार्ट के ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म इंस्टाकार्ट नामक प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान कर्मचारी मेडिकल पानी की रिपोर्ट पेस्ट कंट्रोल एवं स्टॉक संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। खाद्य सामग्री का रख-रखाव एवं भंडारण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया जिस पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा पटियाला पंजाब की देशी घी निर्माता कंपनी को भ्रामक दावों के संबंध में नोटिस दिया गया। इस दौरान देशी घी भुना चना एवं दाल के एक-एक नमूने सहित कुल तीन नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव द्वारा उर्स मेले के दृष्टिगत पिरान कलियर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान इलायची दाना‌ सोन हलवा सोया रिफाइंड तेल एवं हल्दी पाउडर के कुल चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय द्वारा रुड़की शहर में स्थित मिठाई की दुकानों एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। यहां से बेसन लड्डू चॉकलेट बर्फी एवं चॉकलेट टॉफी के एक-एक नमूने सहित कुल तीन नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण कार्रवाई के दौरान पुरानी तहसील एवं मुख्य बाजार की दुकानें बंद होने लगीं। इस प्रकार जनपद हरिद्वार में शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए निरीक्षण अभियान के दौरान कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *