प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के अंतर्गत देहरादून में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर निगम देहरादून की ओर से परेड ग्राउंड में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। 21 अक्टूबर 2026 को दशहरा पर्व के बाद आयोजित इस अभियान में परेड ग्राउंड के पूरे परिसर की साफ-सफाई की गई जिसमें लगभग 10 टन कूड़ा एकत्र किया गया। इसके अतिरिक्त पटेलनगर और हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज लक्ष्मण चौक तथा रेसकोर्स सहित अन्य स्थानों से लगभग 30 टन कूड़ा उठाया गया। इस तरह विभिन्न स्थानों पर चलाए गए सफाई अभियान में कुल लगभग 40 टन कूड़ा एकत्र किया गया। जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर की छात्राओं के साथ स्वयं सफाई अभियान में प्रतिभाग किया और कूड़ा उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिकारियों नागरिकों शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों से स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान का उद्देश्य केवल शहर की सफाई करना ही नहीं है बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और व्यवहार में बदलाव लाना भी है। सार्वजनिक स्थलों प्रमुख मार्गों बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ लोगों को कूड़े का उचित निस्तारण करने के लिए जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर देहरादून के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने कहा कि दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक त्योहारी सीजन को देखते हुए जनपद में स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जाएगा। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही एकत्रित कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जैव अपघटनीय और गैर जैव अपघटनीय कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में रखते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारित किया जाए। इससे कूड़े का बेहतर प्रबंधन करने और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए नगर निगम देहरादून एवं ऋषिकेश सहित संबंधित नगर निकायों के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से अभियान संचालित किया जाएगा। विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ कूड़ा प्रबंधन और नियमित स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। उन्होंने रिस्पना नदी सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर भी सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन की ओर से नगर निगम संबंधित विभागों सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में स्थायी सुधार लाया जा सके। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं और कूड़े को निर्धारित स्थानों पर ही डालें। उन्होंने गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखने की आदत अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से ही स्वच्छता के प्रयासों को प्रभावी और स्थायी बनाया जा सकता है। परेड ग्राउंड में आयोजित सफाई अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों नगर निगम के कर्मचारियों और विद्यालय की छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने कूड़े का उचित निस्तारण करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त हिंदू नेशनल स्कूल लक्ष्मण चौक पटेलनगर और रेसकोर्स सहित अन्य स्थलों पर भी सफाई अभियान चलाया गया। इन सभी स्थानों पर मिलाकर लगभग 40 टन कूड़ा उठाया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा और मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आनंद शुक्ला मौजूद रहे। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर की प्रधानाचार्य एवं छात्राओं के साथ वेस्ट वॉरियर्स संस्था के रोहित सडाना तथा नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी अभियान में शामिल रहे।
