प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम की यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है और अब तक 17 लाख 75 हजार 59 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 11 नवंबर 2026 को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से मौसम अनुकूल रहने के कारण यात्रा व्यवस्थाएं सामान्य बनी हुई हैं और हेली सेवाओं का संचालन भी सुचारू रूप से किया जा रहा है। इस वर्ष की यात्रा में अब तक 17 लाख 75 हजार 59 श्रद्धालुओं का धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन करना हर्ष का विषय है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा के शेष दिनों में भी देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि उनकी यात्रा सुगम सुरक्षित और सुविधाजनक बनी रहे। उन्होंने बताया कि धाम में हल्की बर्फबारी होने के साथ ही तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं को मौसम के अनुरूप आवश्यक तैयारियों के साथ यात्रा करने की जरूरत है। जिलाधिकारी ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पर आने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। श्रद्धालु पर्याप्त गर्म कपड़े और आवश्यक सामग्री के साथ अपनी जरूरत की दवाइयां भी साथ लेकर आएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। श्रद्धालुओं को मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करनी चाहिए और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बनी रहे।
