प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देशों पर बुधवार 21 अक्टूबर 2026 को गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय देहरादून में विभिन्न विभागों के संयुक्त तत्वावधान में विशेष दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सा विभाग और समाज कल्याण विभाग के साथ बाल विकास विभाग तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक एवं निर्वाचन विभाग के स्वीप प्रभाग ने प्रतिभाग किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा आगामी निर्वाचन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। शिविर में चिकित्सा विभाग की ओर से दिव्यांगजनों का परीक्षण किया गया। इसमें 42 दिव्यांगजनों की जांच की गई और 25 दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। समाज कल्याण विभाग की ओर से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले दिव्यांगजनों को शिविर स्थल तक लाने और शिविर के बाद वापस छोड़ने के लिए टैक्सी वाहन की व्यवस्था की गई ताकि उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ओर से शिविर में 7 नए बैंक खाते खोले गए। इससे लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली धनराशि प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। वहीं निर्वाचन विभाग के स्वीप प्रभाग की ओर से आगामी निर्वाचन में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिव्यांग मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। उन्हें सुगम एवं सुलभ मतदान के संबंध में भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही सक्षम ऐप के माध्यम से दिव्यांगजनों के पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई ताकि वे निर्वाचन के दौरान उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकें। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य सेवाओं और बैंकिंग सुविधाओं के साथ निर्वाचन संबंधी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि दिव्यांगजनों को सरकारी सेवाओं का लाभ सहजता से मिले और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बन सकें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मनोज शर्मा और जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में अगला विशेष दिव्यांग शिविर 22 अक्टूबर 2026 को खंड विकास अधिकारी कार्यालय डोईवाला परिसर में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र के दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं और सुविधाओं का लाभ उठाएं।
