प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद की सड़कों को यातायात के लिए सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं धरातल पर उतरे और विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग सहित मंगलौर तक के राष्ट्रीय राजमार्ग का संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर सड़क की स्थिति गड्ढों साफ-सफाई अतिक्रमण तथा निर्माणाधीन फ्लाईओवर कार्यों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें आमजन की सुविधा और सुरक्षा से सीधे जुड़ी हुई हैं। ऐसे में सड़कों पर मौजूद गड्ढों के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो इसके लिए मरम्मत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क पर जहां भी गड्ढे हैं वहां तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार तत्काल पैचवर्क कराया जाए ताकि वाहन चालकों एवं यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे किसी भी दशा में अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। सड़क किनारे अवैध रूप से लगने वाली रेडी-ठेलियों एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क की चौड़ाई और यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी अतिक्रमण को नजरअंदाज न किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए संबंधित विभाग नियमित रूप से निगरानी करें। स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राज्य मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों और वनस्पतियों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई तथा साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण कई स्थानों पर वाहन चालकों को दृश्यता संबंधी परेशानी हो सकती है। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर झाड़ियों की कटाई और सफाई कराई जाए जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी कम की जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न स्थानों पर चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा कुंभ मेले के शुरू होने से पूर्व आवश्यक फ्लाईओवर एवं संबंधित सड़क निर्माण कार्यों को पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। निर्माण कार्यों के कारण आमजन और यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्य की प्रगति से संबंधित रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश परिवहन विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर उचित यातायात प्रबंधन के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में साइन बोर्ड चेतावनी संकेतक और आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित स्थानों का सर्वे कर उनकी सूची तैयार की जाए और वहां सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक इंतजाम प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत के साथ-साथ सड़क सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों को गड्ढामुक्त करने अतिक्रमण हटाने साफ-सफाई सड़क सुरक्षा तथा निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में बेहतर सड़क व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सड़क से जुड़े सभी विभाग लगातार धरातल पर कार्य करें ताकि आमजन को सुरक्षित सुगम एवं सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक एनएचआई विशाल गोयल प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित कुमार सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा नेहा झा कृष्ण चंद्र पलड़िया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
