Spread the love

प्रदीप कुमार
खानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस द्वारा आपराधिक घटनाओं में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना खानपुर पुलिस ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियारों से हमला करने और मारपीट के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी दीपक को ग्राम गिद्दावाली से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 2 अगस्त 2026 को ग्राम गिद्दावाली खानपुर निवासी वादिया ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि दीपक आदि लोगों ने उनके पति और परिजनों पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियारों से वार किया तथा मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। मामले में थाना खानपुर पुलिस ने दीपक आदि के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी की कार्रवाई भी की और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम द्वारा उसकी तलाश लगातार जारी रखी गई। इसी क्रम में 28 अगस्त 2026 की देर शाम नामजद आरोपी दीपक को ग्राम गिद्दावाली से हिरासत में लिया गया। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक पुत्र सोमपाल निवासी ग्राम गिद्दावाली कला थाना कोतवाली खानपुर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय पूनिया और चालक जयपाल सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *