प्रदीप कुमार
देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग में हिंडोलाखाल से डांडा (भैंसकोट) डोब मोटर मार्ग के स्टेज-III एवं पंचवर्षीय अनुरक्षण कार्य का विधायक विनोद कंडारी ने शिलान्यास किया। 11.550 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के निर्माण एवं कार्य की लागत ₹1481.98 लाख निर्धारित की गई है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ ही गांवों के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला होती है। इस मोटर मार्ग के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का लाभ मिलेगा। विधायक ने कहा कि सड़क संपर्क मजबूत होने से क्षेत्र के लोगों को शिक्षा स्वास्थ्य रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भी सुविधा होगी। उन्होंने निर्माण कार्य को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सड़क सुविधा से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट ग्राम प्रधान मनोज पाल बिष्ट जिला पंचायत सदस्य रजनी पयाल मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत दलवीर सजवाण क्षेत्र पंचायत सदस्य रोशनी चमोली महिला मोर्चा अध्यक्ष पिंकी लिंगवाल सरोज थपलियाल एवं दीपक राणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में भी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने मोटर मार्ग के निर्माण कार्य के लिए विधायक विनोद कंडारी का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र में सड़क सहित अन्य विकास कार्यों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी परेशानियां कम होंगी और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।
