Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत जनपदभर में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ऑनलाइन ई-प्लेटफॉर्म सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की जांच की गई। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता रखरखाव एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। ज्वालापुर स्थित ब्लिंकिट स्टोर के निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। प्रतिष्ठान में आवश्यक अभिलेख कर्मचारियों के चिकित्सा अभिलेख पानी की जांच रिपोर्ट कीट नियंत्रण व्यवस्था तापमान मापन उपकरण तथा खाद्य पदार्थों के रखरखाव एवं भंडारण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाया गया। इस पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। वहीं नोएडा की एक ब्रेड निर्माता कंपनी को लेबलिंग नियमों के उल्लंघन तथा एक टोफू निर्माता कंपनी को उत्पाद को ‘सोया पनीर’ के नाम से बेचने पर नोटिस जारी किया गया। अभियान के दौरान मौके से देशी घी ब्रेड मिठाई और टोफू के चार नमूने जांच के लिए लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कांवड़ मेला के दौरान चंडीघाट स्थित शंकर ढाबा में खराब मसालों के उपयोग और बिना खाद्य लाइसेंस संचालन के मामले में न्यायालय में वाद दायर किया है। इसी प्रकार खानपुर स्थित प्रहलाद स्वीट्स से लिया गया दूध का नमूना जांच में अधोमानक पाए जाने तथा अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण और बिना लाइसेंस संचालन के मामले में भी न्यायालय में वाद दर्ज किया गया है। इसके अलावा पिरान कलियर रुड़की शहर तथा होटल-रेस्टोरेंटों में निरीक्षण के दौरान तेल मसाले दूध चायपत्ती और चाट मसाला सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। बिना खाद्य लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नोटिस जारी किए गए। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद हरिद्वार में अभियान के दौरान कुल 13 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *