Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में सीजनल इन्फ्लूएंजा तथा श्वसन तंत्र से संबंधित रोगों के संभावित प्रसार की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। इस संबंध में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सीमा टेकचंदानी ने जनपद के समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर चिकित्सालयों में की गई तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि समीक्षा बैठक में प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को चिकित्सा इकाइयों में आइसोलेशन बेड एवं वार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर ऑक्सीजन सिलेंडर आवश्यक दवाइयां एवं अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सीजनल इन्फ्लूएंजा के लक्षण मिलने पर संबंधित मरीज की सघन निगरानी करने तथा ऐसे मामलों की नियमित रिपोर्टिंग एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम एवं एकीकृत स्वास्थ्य सूचना मंच पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएआरआई के लक्षण वाले मरीजों के नाक एवं गले के स्वैब नमूने आवश्यकतानुसार नजदीकी जांच केंद्रों पर भेजने तथा किसी क्षेत्र में आईएलआई एवं एसएआरआई के मामलों की समूहबद्धता पाए जाने पर तत्काल जांच निगरानी एवं नियंत्रण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम पहले से ही गठित है जिसमें जिला सर्विलांस अधिकारी फिजीशियन बाल रोग विशेषज्ञ महामारी विशेषज्ञ एवं सूक्ष्म जीव विज्ञानी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सीजनल इन्फ्लूएंजा एवं श्वसन तंत्र संबंधी रोगों के मामलों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को आशा एवं एएनएम के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को एच1एन1 एवं सीजनल इन्फ्लूएंजा के लक्षण बचाव एवं रोकथाम के संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने बुखार खांसी गले में खराश सांस लेने में परेशानी और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने तथा समय पर नजदीकी चिकित्सालय में परामर्श लेने पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों बुजुर्गों तथा गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने लोगों से सीजनल इन्फ्लूएंजा से बचाव एवं रोकथाम के लिए छींकते या खांसते समय नाक और मुंह को रूमाल या टिश्यू से ढकने साबुन-पानी से नियमित रूप से हाथ साफ करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने की अपील की। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सतर्कता बरतने पर जोर दिया। बैठक में महामारी विशेषज्ञ डॉ.शाकिब हुसैन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में तैनात चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *