Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न टीमों ने गुरुवार को जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना रहा। इस दौरान दूध पनीर मावा और कैडबरी डेयरी मिल्क चॉकलेट समेत कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। उपायुक्त गढ़वाल आरएस रावत के नेतृत्व में जगजीतपुर पुलिस चौकी के समीप दूध सप्लाई करने वाले वाहनों तथा सराय रोड स्थित थोक एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खुले दूध के पांच नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। वहीं बिना खाद्य लाइसेंस के कार्य कर रहे दो दूध सप्लायरों को नोटिस जारी किए गए। कैडबरी डेयरी मिल्क चॉकलेट को लेकर मिली शिकायत के बाद सराय रोड स्थित चॉकलेट वितरक एजेंसी का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने वहां भंडारण व्यवस्था शीतकरण कक्ष सप्लाई वाहनों और संबंधित बैच से जुड़े अभिलेखों की गहन जांच की। वितरक को संबंधित बैच की बाजार में उपलब्ध सभी चॉकलेट तत्काल हटाने और इसकी अनुपालन रिपोर्ट विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित बैच की चॉकलेट की बिक्री और आपूर्ति पर तत्काल रोक लगा दी गई। विभाग ने चॉकलेट की आपूर्ति तापमान नियंत्रित वाहनों के माध्यम से ही करने के निर्देश दिए। मौके पर कैडबरी डेयरी मिल्क चॉकलेट के दो नमूने भी प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने कनखल क्षेत्र में स्थित डेयरियों और निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। यहां पनीर का एक तथा मावा का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय ने रुड़की शहर के होटल और डेयरियों का निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर का एक नमूना लिया गया। होटल संचालकों को खाद्य निर्माण में केवल पैक्ड पनीर का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान जनपद में कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *