प्रदीप कुमार
गंगनहर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। गंगनहर पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से कोर्ट परिसर रामनगर से चोरी की गई प्लैटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर यह कार्रवाई की। 31 अगस्त 2026 को कोर्ट परिसर रामनगर से हरिद्वार निवासी सचिन कुमार की मोटरसाइकिल अज्ञात चोर ने चोरी कर ली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद गंगनहर पुलिस ने वाहन चोर की तलाश शुरू की। चोरी हुए वाहन की बरामदगी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे डिजिटल माध्यमों से मिले साक्ष्यों को जुटाया। इसके साथ ही पुलिस ने पतारसी-सुरागरसी करते हुए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया और संभावित स्थानों पर वाहन चोर की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 2 सितंबर 2026 को लाठरदेव पनियाला तिराहे के पास आम के बाग से आरोपी मोमीन पुत्र शकील निवासी लंढौरा कोतवाली मंगलौर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की प्लैटिना मोटरसाइकिल बरामद की। मोटरसाइकिल का रंग काला है और वह बिना नंबर की थी।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजलवान और हेड कांस्टेबल यूनुस शामिल रहे।
