Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को ऊखीमठ विकासखंड की ग्राम पंचायत देवलीभणी में जन संवाद-जनता दरबार शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्राम प्रधान पूर्व जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा विभिन्न विभागों के ग्राम स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में पंचायती राज ग्राम्य विकास बाल विकास सेवायोजन वन कृषि एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उनकी समस्याओं एवं सवालों का समाधान किया। जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चंद्र चमोली ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 25 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित हैं जिन्हें निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। शिविर में ग्रामीणों ने गुप्तकाशी-बासुकेदार मोटर मार्ग से ग्राम पंचायत के संपर्क मार्ग के समुचित अनुरक्षण नहीं होने की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराने के बावजूद सड़क की समुचित मरम्मत नहीं की गई है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत की अनुसूचित जाति बस्ती सिरवाड़ी के संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों ने रोष व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते अनुसूचित जाति बस्ती को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो वे आगामी चुनाव का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। सड़क निर्माण के संबंध में मौके से ही लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सिरवाड़ी संपर्क मार्ग पूर्व में जिला योजना से स्वीकृत था लेकिन जिला योजना से सड़क निर्माण का कार्य संभव नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने उच्च स्तर से अथवा अन्य योजना के अंतर्गत सिरवाड़ी संपर्क मार्ग का निर्माण कराने की मांग की। शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सरकार की मंशा है कि जनता की समस्याओं को उनके द्वार पर ही सुना जाए और उनका समाधान किया जाए। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भी सौंपे। शिविर में सेवायोजन विभाग के अनुदेशक किशन रावत ग्राम पंचायत विकास अधिकारी धर्मेंद्र बिष्ट वन विभाग के वन दरोगा कृषि विभाग के सहायक कृषि अधिकारी आंगनबाड़ी कार्यकत्री ग्रामीण विकास विभाग के ग्राम स्तरीय कर्मचारी तथा क्षेत्रीय ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधिगण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *