Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारूल गोयल ने वर्चुअल माध्यम से प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ब्लॉक कोऑर्डिनेटर आशा कार्यक्रम तथा आशा फेसिलिटेटरों की बैठक लेकर टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उच्च जोखिम समूह की टीबी स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी उच्च जोखिम वाले लोगों की टीबी स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के लिए आशाओं के माध्यम से सर्वे कराने तथा संबंधित लोगों को टीबी स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे जांच के लिए निकटतम चिकित्सालयों में जाने के लिए जागरूक एवं संवेदित करने के निर्देश दिए। जिला क्षय अधिकारी डॉ.कुणाल चौधरी ने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के मदिरापान एवं धूम्रपान करने वाले व्यक्ति मधुमेह रोगी उच्च रक्तचाप से ग्रसित व्यक्ति पिछले पांच वर्ष के टीबी रोगी तथा पिछले दो वर्ष के टीबी रोगियों के संपर्कजन के साथ ही केंद्रीय क्षय अनुभाग भारत सरकार द्वारा चिन्हित उच्च जोखिम श्रेणी वाले 156 गांवों में 14 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के उच्च जोखिम समूह में कुल 1,08,562 लोग शामिल हैं। इनमें से अब तक 54,813 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। टीबी रोगियों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ने तथा निक्षय मित्रों के सामुदायिक सहयोग को बढ़ाने के लिए टीबी मुक्त भारत ऐप के अंतर्गत खुशी चैटबॉट का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार और उपयोग करने के लिए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में नियमित रूप से टीबी स्क्रीनिंग करने तथा टीबी के लक्षण वाले सभी संभावित रोगियों को बलगम जांच के लिए निकटतम चिकित्सा इकाई में संदर्भित करने के निर्देश दिए। बैठक में डिफरेंशियल टीबी केयर यानी टीबी रोगियों में मौजूद सह-रुग्णताओं के आकलन उनकी चिकित्सकीय आवश्यकताओं के अनुरूप संबंधित बीमारियों के उचित प्रबंधन और नियमित फॉलोअप पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला क्षय अधिकारी डॉ.कुणाल ने बताया कि जनपद में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 7 दिसंबर 2024 से अब तक अधिसूचित 852 टीबी रोगियों में से 87 प्रतिशत रोगियों का डिफरेंशियल टीबी केयर किया जा चुका है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने शेष टीबी रोगियों का भी डिफरेंशियल टीबी केयर सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्त सूचनाओं को समयबद्ध रूप से निक्षय पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए। टीबी से बचाव के लिए टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट की समीक्षा के दौरान डीपीसी मुकेश बगवाड़ी ने बताया कि जनपद में शत प्रतिशत टीबी रोगियों के संपर्कों का सत्यापन करते हुए उनकी समयबद्ध स्क्रीनिंग की गई है तथा पात्र व्यक्तियों को टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट पर लाया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट के प्रति विशेष सजगता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति उपचार से वंचित नहीं रहना चाहिए। टीबी रोगियों के पोषण सहयोग के लिए सात नए निक्षय मित्र आगे आए टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में व्यापार सभा टैक्सी एवं जीप यूनियन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीबी रोगियों के उपचार एवं पोषण सहायता में निक्षय मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान टीबी रोगियों को उपचार के साथ आवश्यक पोषण सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अधिक से अधिक लोगों को निक्षय मित्र बनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही एचआईवी एवं एड्स के बचाव और रोकथाम के संबंध में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सात लोगों ने निक्षय मित्र बनने पर सहमति व्यक्त करते हुए टीबी रोगियों को पोषण सहायता प्रदान करने की दिशा में कदम बढ़ाया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एसके द्विवेदी एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. कुणाल चौधरी एमओडीटीसी अंकित बगवाड़ी ने निक्षय मित्र बनने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकाधिक टीबी रोगियों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी संगठनों के प्रतिनिधियों से अपनी-अपनी संस्थाओं के अधिक से अधिक सदस्यों को निक्षय मित्र बनने के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर व्यापार सभा के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट कोषाध्यक्ष आशीष सभासद नरेंद्र रावत टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष अजीत राणा मंदाकिनी जीप यूनियन के पूरण सिंह रूद्रनाथ टैक्सी यूनियन के विपिन सेमवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *