प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार जनपद में जनगणना के दूसरे चरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। दुर्गम एवं हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में सितंबर 2026 में जनगणना का कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में श्री केदारनाथ धाम में नगर पंचायत केदारनाथ के प्रगणकों द्वारा जनगणना संबंधी कार्य किया जा रहा है। जनगणना कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की नियमित रूप से उपखंड जनगणना अधिकारी के माध्यम से जिला जनगणना अधिकारी द्वारा निगरानी की जा रही है। जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है जिसके माध्यम से जनसंख्या से संबंधित आवश्यक एवं प्रमाणिक आंकड़े प्राप्त होते हैं। इन आंकड़ों का उपयोग केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा विकास योजनाओं के निर्माण जनकल्याणकारी नीतियों के निर्धारण संसाधनों के बेहतर वितरण तथा प्रभावी प्रशासनिक निर्णय लेने में किया जाता है। इसके साथ ही जनगणना के आंकड़े विभिन्न क्षेत्रों में भविष्य की आवश्यकताओं का आकलन करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनपद रुद्रप्रयाग में जनगणना के प्रथम चरण यानी आवास सूचीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। इस चरण में आवासीय एवं अन्य भवनों से संबंधित आवश्यक जानकारी का संकलन करते हुए आवास सूचीकरण खंडों का निर्माण किया गया है। जनगणना कार्य को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जनपद में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की तैनाती भी की गई है। जनगणना का दूसरा चरण दो अलग-अलग समयावधियों में संचालित किया जाएगा। दुर्गम एवं हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में जनगणना संबंधी कार्य सितंबर 2026 में किया जा रहा है जबकि जनपद के अन्य क्षेत्रों में यह कार्य फरवरी 2027 में संचालित किया जाएगा। दुर्गम एवं हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में निर्धारित समय पर जनगणना कार्य पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इन क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों एवं मौसम संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से कार्य की निरंतर निगरानी की जा रही है। श्री केदारनाथ धाम जैसे दुर्गम एवं हिमपात प्रभावित क्षेत्र में जनगणना कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के लिए नगर पंचायत केदारनाथ के प्रगणकों द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। संबंधित प्रगणकों द्वारा निर्धारित प्रपत्रों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप आंकड़ों का संकलन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि भारत सरकार एवं जनगणना से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित की जाए। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य में जनपद सहित प्रदेश एवं देश के विकास की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेंगे।
